पतरातू - गुरुवार अहले सुबह पतरातू प्रखंड के हेसला पंचायत वासियों के ऊपर मानों गाज सी गिर गई हो। क्योंकि न्यायालय के आदेश पर अंचलाधिकारी पतरातू एवं एसडीएम रामगढ़ अनुराग तिवारी की अगुवाई में हेसला पंचायत के 96 क्वार्टर को खाली कराया गया। जिला प्रशासन तथा स्थानीय थाना एवं पुलिस के जवानों, थाना प्रभारी व महिला पुलिस कर्मियों के साथ इन क्वार्टर को खाली कराया गया।
इस संदर्भ में एसडीएम रामगढ़ अनुराग तिवारी ने बताया कि न्यायालय का आदेश है कि जो भी व्यक्ति अवैध रूप से रह रहे हैं जल्द से जल्द उनके क्वार्टर को खाली कराया जाए। हम सिर्फ न्यायालय के आदेश का पालन कर रहे हैं।
वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधि, मुखिया प्रीति झा एवं कांग्रेस के नेता सुजीत पटेल हेसला पंचायत के पूर्व मुखिया वीरेंद्र झा ने कहा कि बच्चों की परीक्षाएं चल रही है। हम न्यायालय एवं मुख्यमंत्री से आग्रह करते हैं कि क्वार्टर को खाली करने के लिए कुछ समय दिया जाए। जिससे इन लोगों को संभलने का मौका मिले। इस दौरान आशियाना उजड़ने के कारण महिला एवं पुरुषों की आंखों से आंसू छलक रहे थे।











