(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - मधेपुरा के साहुगढ़ इलाके में एक जर्जर पुल अचानक धंस गया। जिससे दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। प्रशासन मौके पर पहुंच कर वैकल्पिक रास्ता बनाने की कवायद में जुट गई है।
दरअसल मधेपुरा मुख्यालय से सटे साहुगढ़ में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब 60 साल पुराना पुल धंस गया। इस संबंध में स्थानीय अरविंद कुमार यादव ने बताया कि पुल काफी समय से जर्जर हालत में था और इसपर भारी वाहनों के परिचालन पर पहले से ही रोक लगाई गई थी। लेकिन आरोप है कि शुक्रवार देर रात एक भारी वाहन पुल से गुजर गया। जिसके बाद पुल पूरी तरह ध्वस्त हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम संतोष कुमार और ट्रैफिक डीएसपी चेतनानंद झा मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने इलाके में बैरिकेडिंग कर दी है और पुल पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। फिलहाल प्रशासन अस्थायी डायवर्जन बनाकर आवागमन बहाल करने की कोशिश में जुटा है।










