मुजफ्फरपुर - मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में आग लगने का मामला सामने आया है। ये आग प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में सुबह करीब 3:40 बजे लगी थी, जिसमें अब तक 4 मरीजों की मौत होने की खबर है।
ब्रह्मपुरा थाना के समीप निजी अस्पताल में आग लगने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने 20 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। जबकि दम घुटने से चार मरीजों की मौत हो गई। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात बतायी जा रही है। डीएम सुब्रत कुमार सेन ने घटना में चार मौत की पुष्टि की है. मौके पर FSL की टीम पहुंच कर जांच में जुट गयी है।
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से चार व्यक्तियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें। मृतकों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान प्रदान करने का निर्देश दिया गया है।










