(दीनानाथ मौआर, संवाददाता, औरंगाबाद)
औरंगाबाद - औरंगाबाद के रफीगंज के अब्दुलपुर मुहल्ले में मो. सदीक के 20 वर्षीय पुत्र मो. फैज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार मंगलवार की रात 8 बजे मोहल्ले से किसी ने उसे बुलाकर राजा बगीचा ले गया। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उसके शरीर पर कई जगह चाकू से हमला किया गया है।
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल मो. फैज को रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां प्रभारी चिकित्सक पदाधिकारी डॉक्टर अरविंद कुमार एवं डॉ सुबोध कुमार ने जांचों उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक गया कॉलेज में स्नातक का छात्र था।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। थानाध्यक्ष शंभू कुमार पुलिस पदाधिकारियों के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है तथा परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। बताते चलें कि पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।










