(दीनानाथ मौआर, संवाददाता, औरंगाबाद)
औरंगाबाद - औरंगाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां हाई टेंशन बिजली की तार के चपेट में आने से दामाद की मौत हो गई है। जबकि ससुर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना रफीगंज थानाक्षेत्र के खरांटी गांव की है। मृतक की पहचान बारुण थाना क्षेत्र के मस्तूल बारुण गांव निवासी अमित कुमार के रूप में की गई है। हादसे में झुलसे रामाधार ठाकुर, मृतक के ससुर बताए जा रहे हैं। जिनका इलाज औरंगाबाद सदर हॉस्पिटल में चल रहा है।
परिजनों के अनुसार मृतक अमित कुमार अपने ससुर रामाधार ठाकुर के साथ घरेलू काम के लिए बांस काटने गए थे। जहां वे बांस काट रहे थे, उसके पास से 33 हजार केवीए का हाई टेंशन बिजली तार गुजरा हुआ था। बांस काटने के दौरान हरा बांस अचानक हाई टेंशन तार पर जा गिरा। बांस में करंट प्रवाहित होने लगा, जिसके चपेट में दोनों ससुर-दामाद आ गए। परिजनों ने बताया कि रामाधार ठाकुर की तीन बेटियां थी, उनका कोई पुत्र नहीं है। जिसके कारण उनका दामाद अमित अपने ससुराल में रहकर अपने सास ससुर की देखभाल करता था।










