रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने वरीय अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर विधि-व्यवस्था और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जुलूस मार्गों, मंदिरों और प्रमुख स्थलों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने शहर के प्रमुख जुलूस मार्गों के साथ-साथ तपोवन मंदिर, महावीर चौक, मेडिकल चौक, रातू रोड और डोरंडा क्षेत्र सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा किया। उपायुक्त ने विशेष रूप से जुलूस के आवागमन को सुगम बनाने, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं।

मंदिर समितियों और अखाड़ा सदस्यों से बातचीत करते हुए उपायुक्त ने बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, सीसीटीवी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे जिले में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जुलूस मार्गों के निरीक्षण के दौरान तपोवन मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग करने के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि जुलूस के आगमन और प्रस्थान के रास्ते को पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।

रांची में रामनवमी की पारंपरिक शोभायात्रा ऐतिहासिक और भव्य मानी जाती है, जो विभिन्न महावीर मंडलों और अखाड़ों से निकलकर तपोवन मंदिर पर समाप्त होती है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है।

इस दौरान सेंट्रल मुहर्रम कमिटी और सर्वधर्म सद्भावना समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन का स्वागत किया और आश्वासन दिया कि पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। कमिटी के सदस्यों ने रामनवमी जुलूस का स्वागत करने और शांति बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से रामनवमी का पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।











