रांची: आगामी पर्व सरहुल और ईद को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुक्रवार को शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च फिरायालाल चौक से सुजाता चौक तक किया गया, जिसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना तथा आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना था।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों और जुलूस के निर्धारित रूट का विशेष रूप से निरीक्षण किया। ड्रोन के माध्यम से भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की गई और तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले से तैयार रहने पर जोर दिया।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, अनुमंडल पदाधिकारी रांची, पुलिस उपाधीक्षक नगर, पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली सहित विभिन्न थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के फ्लैग मार्च रांची के अन्य थाना क्षेत्रों में भी निकाले जा रहे हैं, ताकि पूरे शहर में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।











