रांची में चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए सिटी डीएसपी केवी रमन ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि लालपुर थाना कांड संख्या 54/26, दिनांक 01 अप्रैल 2026 के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 31 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। वरीय पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में गठित इस टीम ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने विक्की कुमार (23 वर्ष), निवासी एदलहातु, मोराबादी, थाना बरियातु, रांची को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी गए सामान बरामद किए गए। इसके बाद उसके साथी किशन कुजूर (करीब 22 वर्ष), निवासी एदलहातु, मोराबादी, रोड नंबर 7, थाना बरियातु को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने इनके पास से चांदी के कई सिक्के, बिछिया, पायल और 17,296 रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी विक्की कुमार पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि किशन कुजूर के खिलाफ भी पूर्व में चोरी का मामला दर्ज है।
इस कार्रवाई में लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।











