रांची // झारखंड की राजधानी रांची में उत्पाद विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभाग ने शहर के नामचीन शराब माफिया नरेश सिंधिया को भारी मात्रा में नकली शराब के साथ धर दबोचा है। यह पूरी कार्रवाई नामकुम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जोरार इलाके में की गई, जहां विभाग को माफिया की गतिविधियों के बारे में गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, टीम ने नामकुम रेलवे स्टेशन के बाहर जाल बिछाकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से नकली शराब बरामद की गई है, जिसे बाजार में खपाने की योजना थी। नरेश सिंधिया की गिनती रांची के बड़े शराब तस्करों में होती है।
गौरतलब है कि नरेश सिंधिया का आपराधिक इतिहास काफी पुराना रहा है। वह पूर्व में रांची में हुए चर्चित जहरीली शराब कांड में भी मुख्य आरोपी रह चुका है। इस मामले में उसे पहले भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, लेकिन जेल से बाहर आने के बाद वह पुनः इस अवैध कारोबार में सक्रिय हो गया था। फिलहाल, उत्पाद विभाग आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नकली शराब के नेटवर्क का पूरी तरह भंडाफोड़ किया जा सके।









