रिपोर्ट - संजय पांडेय
राँची: राजधानी राँची के आदर्श नगर, धुर्वा की प्रतिभाशाली छात्रा दिव्या सिंह ने अपने खेल कौशल से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में अध्ययनरत दिव्या का चयन झारखंड राज्य क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित 2025-26 सत्र की अंतर जिला महिला अंडर-15 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए रांची जिला टीम में हुआ है। इस चयन ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गर्व महसूस कराया है।
दिव्या सिंह की इस सफलता पर सामाजिक कार्यकर्ता धीरेन्द्र सिंह बमबम ने उनके घर पहुंचकर उन्हें अंग वस्त्र और खेल सामग्री भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने दिव्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण ही उन्हें इस मुकाम तक लेकर आया है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आगे भी दिव्या को किसी प्रकार की जरूरत होगी तो हर संभव सहयोग किया जाएगा।
दिव्या सिंह की इस उपलब्धि से यह साबित होता है कि अगर लगन और मेहनत सच्ची हो, तो संसाधनों की कमी भी रास्ता नहीं रोक सकती। उनकी यह सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखती हैं।











