Directorate General of Civil Aviation (DGCA) ने रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस फ्लाइट के क्रैश होने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
प्रेस नोट के अनुसार, Redbird Airways Pvt Ltd का Beechcraft C90 विमान (VT-AJV) 23 फरवरी 2026 को मेडिकल इवैक्यूएशन (एयर एंबुलेंस) ऑपरेशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

विमान ने Ranchi से शाम 7:11 बजे उड़ान भरी थी और New Delhi के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान खराब मौसम के कारण कोलकाता एटीसी से रूट डायवर्जन की मांग की गई। शाम 7:34 बजे विमान का संपर्क और रडार सिग्नल अचानक टूट गया। अंतिम लोकेशन वाराणसी से लगभग 100 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व बताई गई है।
यह हादसा झारखंड के चतरा जिले की कसारिया पंचायत क्षेत्र में हुआ। विमान में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें दो क्रू मेंबर शामिल थे।
जिला प्रशासन की सर्च एवं रेस्क्यू टीम मौके पर राहत कार्य में जुटी है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की टीम को जांच के लिए रवाना कर दिया गया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
प्रशासन ने कहा है कि आगे की जानकारी आधिकारिक अपडेट के बाद साझा की जाएगी।











