मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज माह-ए-रमज़ान के अवसर पर कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में रोजेदारों के साथ विभिन्न धर्मों, समुदायों और वर्गों के गणमान्य अतिथि, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और आम लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि रमज़ान का पाक माह आपसी सौहार्द, भाईचारा और समरसता का संदेश देता है। यह पर्व एक-दूसरे के प्रति सम्मान, सहयोग और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। रमज़ान का महीना त्याग, तपस्या, करुणा और मानव सेवा के लिए प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना करते हुए रमज़ान की हार्दिक बधाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और उनकी धर्मपत्नी कल्पना सोरेन ने आमंत्रित अतिथियों के साथ सामूहिक दुआ में शामिल होकर राज्य की खुशहाली, प्रगति और आपसी भाईचारे के लिए प्रार्थना की।
इस कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों और धर्मों के लोगों की उपस्थिति ने सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया। रोजेदारों ने नमाज अदा कर समाज, राज्य और देश में अमन-चैन तथा खुशहाली की दुआ मांगी।
उपस्थित मंत्री और विधायक
कार्यक्रम में मंत्री राधा कृष्ण किशोर, दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, डॉ. इरफान अंसारी, हफीजूल हसन, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार, शिल्पी नेहा तिर्की, विधान सभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो सहित कई विधायक उपस्थित रहे।











