राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुराना अरगोड़ा चौक के पास स्थित एक अपार्टमेंट में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग और अरगोड़ा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम दमकल की कई गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है, ताकि आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोका जा सके। अभी तक आग लगने के कारणों और हुए नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं, स्थिति पर नजर रखने के लिए स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।









