रांची: शुक्रवार की दोपहर करीब 3:30 बजे प्रोजेक्ट भवन सचिवालय परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां स्थित एक भारी-भरकम जेनरेटर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और काले धुएं का गुबार पूरे परिसर में फैल गया। धुएं और आग की लपटों को देख सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में सचिवालय के महत्वपूर्ण दस्तावेजों या सरकारी कागजातों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। चूंकि जेनरेटर मुख्य प्रोजेक्ट भवन के पीछे के खाली हिस्से में स्थित था, इसलिए आग की लपटें मुख्य इमारत तक नहीं पहुंच सकीं। धुएं के कारण थोड़ी देर के लिए काम प्रभावित जरूर हुआ, लेकिन स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की जनहानि या आधिकारिक रिकॉर्ड की क्षति की सूचना नहीं है।










