रांची, 20 दिसंबर 2025:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में “फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज” के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में औद्योगिक विकास, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और औद्योगिक इकाइयों से जुड़े विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने उद्योग जगत के समक्ष उत्पन्न हो रही व्यवहारिक चुनौतियों और उनके संभावित समाधान पर भी मुख्यमंत्री को जानकारी दी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि उद्योग क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और “फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज” की भूमिका राज्य के आर्थिक सशक्तिकरण में अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों और सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में व्यवसाय के अनुकूल वातावरण बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि निवेश और रोजगार के अवसरों का विस्तार हो सके।
इस अवसर पर फेडरेशन के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग और रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष श्री अनिल अग्रवाल, तथा कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, मनीष श्राफ और डॉ. अभिषेक रामाधीन उपस्थित थे।









