रांची: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर बापू वाटिका स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर भजन मंडली के कलाकारों द्वारा बापू के प्रिय भजन एवं रामधुन की सुमधुर प्रस्तुति दी गई। भजनों की आत्मीय धुनों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित सभी गणमान्य अतिथि मंत्रमुग्ध नजर आए।

गांधी जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत : राज्यपाल
मीडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि आज पूरा देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को स्मरण कर रहा है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन, उनके आदर्श और सिद्धांत समस्त देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। हम सभी को उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
राज्यपाल ने इस मौके पर भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री, दिशोम गुरु स्मृति शेष स्व० शिबू सोरेन जी को पद्मभूषण सम्मान से अलंकृत किया जाना पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान झारखंड राज्य के प्रति भारत सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है और स्व० शिबू सोरेन जी का योगदान सदैव अमर रहेगा।
गांधी के मार्ग पर चलकर ही समृद्ध और शांतिपूर्ण समाज का निर्माण संभव : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि महात्मा गांधी का व्यक्तित्व, उनका जीवन दर्शन, त्याग, संघर्ष और आदर्श पूरे विश्व के लिए प्रेरणा हैं।
उन्होंने कहा कि गांधी जी के बताए मार्ग पर चलकर ही समृद्ध राज्य, विकसित देश और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व वाली दुनिया की कल्पना को साकार किया जा सकता है।

अन्य गणमान्य जनों ने भी अर्पित की श्रद्धांजलि
इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडे सिंह एवं राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।








