झारखंड ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर अपनी उत्कृष्टता साबित की है। केंद्र प्रायोजित आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत राज्य को मिले सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार के साथ जसास (JSAS) की टीम आज गौरवपूर्ण तरीके से वापस लौटी। इस उपलब्धि के बाद कार्यकारी निदेशक श्री छवि रंजन के नेतृत्व में टीम ने अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान सौंपा।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर अपर मुख्य सचिव ने पूरी टीम को हार्दिक बधाई देते हुए उनके द्वारा किए गए अथक प्रयासों, लगन और कार्य के प्रति निष्ठा की जमकर सराहना की। उन्होंने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए इसी तरह की प्रतिबद्धता भविष्य में भी बनी रहनी चाहिए, ताकि झारखंड निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहे और आम जनता को इसका सीधा लाभ मिले।
झारखंड को यह राष्ट्रीय सम्मान महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित तीसरे 'चिंतन शिविर' के दौरान प्रदान किया गया। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 17 और 18 अप्रैल को आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न राज्यों ने हिस्सा लिया था। झारखंड को यह विशेष पुरस्कार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण दावों (Claims) के सफल और त्वरित निष्पादन के लिए दिया गया है।
सम्मान समारोह में राज्य का प्रतिनिधित्व जसास के कार्यकारी निदेशक छवि रंजन, अपर कार्यकारी निदेशक सीमा सिंह, वैभव राय, डॉ. अखिलेश कुमार झा और आशीष रंजन ने किया। राज्य की इस बड़ी सफलता को स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ती पारदर्शिता, उच्च गुणवत्ता और बेहतर प्रबंधन की दिशा में एक मिल का पत्थर माना जा रहा है, जो भविष्य में स्वास्थ्य ढांचे को और अधिक सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा।









