रांची: झारखंड में आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच अब तेज हो गई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने इस मामले में कारोबारी विनय सिंह से पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि समन भेजे जाने के बावजूद उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह अब तक ACB मुख्यालय नहीं पहुंची हैं, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
ACB ने जारी किया था समन
जानकारी के अनुसार ACB ने शनिवार को कारोबारी विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था। तय समय पर विनय सिंह जांच एजेंसी के मुख्यालय पहुंच गए, जहां उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। वहीं दूसरी ओर उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह के ACB मुख्यालय में उपस्थित नहीं होने से जांच एजेंसी के सामने कई नए सवाल खड़े हो गए हैं।

निलंबित IAS अधिकारी विनय चौबे से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला फिलहाल जेल में बंद निलंबित IAS अधिकारी विनय चौबे से जुड़ा हुआ है। ACB ने इस मामले में विनय चौबे, उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, कारोबारी विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है। जांच एजेंसी ने इन सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच में सामने आई कई बेनामी संपत्तियां
ACB के अनुसार अब तक की जांच में कई बेनामी और कीमती संपत्तियों की जानकारी सामने आई है। एजेंसी इन संपत्तियों के स्रोत और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी लोगों से पूछताछ हो सकती है।











