रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में नववर्ष 2026 के अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान राज्य के विकास और जन-कल्याण के संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इन प्रमुख हस्तियों ने दी मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं
नववर्ष के पहले दिन मुख्यमंत्री से मिलकर बधाई देने वालों में सांसद और राज्य के आला अधिकारी शामिल रहे। मुलाकात करने वालों में मुख्य रूप से:
- महुआ माजी, सांसद (राज्य सभा)
- वंदना दादेल, अपर मुख्य सचिव (गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन)
- मस्त राम मीणा, अपर मुख्य सचिव (पेयजल एवं स्वच्छता विभाग)
- अलका तिवारी, राज्य निर्वाचन आयुक्त
- प्रशांत कुमार, सचिव (वित्त विभाग)
- राजीव रंजन, सदस्य (राजस्व पर्षद)
- छवि रंजन, अभियान निदेशक (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन)
- वरुण रंजन, प्रबंध निदेशक (जियाडा)
- नैंसी सहाय, निदेशक (नगरीय प्रशासक)
- मंजुनाथ भजंत्री, उपायुक्त (रांची)
- राकेश रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक (रांची)
इसके साथ ही अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर नए साल की शुभकामनाएं दीं।

"जन-सहभागिता से बनेगा अग्रणी झारखंड" - मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी को बधाई देते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा:
"सभी की सहभागिता से ही झारखंड देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शुमार होगा। राज्य के सर्वांगीण विकास में हर व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण है। हमारी सरकार प्रभावी कार्य संस्कृति के साथ विकास योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।"
राज्य की प्रगति के लिए की प्रार्थना
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि नूतन वर्ष 2026 झारखंड के लिए प्रगति और खुशहाली का वर्ष साबित हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जन-सहभागिता के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ हर घर तक सुनिश्चित करें।








