रांची - राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोक भवन में राँची विश्वविद्यालय की प्रो. वंदना कुमारी और सेवानिवृत्त प्रो. सुधांशु कुमार द्वारा लिखित पुस्तक “Wild Leafy Vegetables and Flowers” (Nature’s Potent Dietary Supplements) का लोकार्पण किया। यह पुस्तक झारखंड के जनजातीय क्षेत्रों में प्रचलित विभिन्न साग-सब्जियों, पत्तियों और फूलों के वैज्ञानिक अध्ययन पर केंद्रित है, जिसमें 250 से अधिक प्रजातियों का विवरण छायाचित्रों के साथ दिया गया है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने लेखकों को बधाई देते हुए कहा कि झारखंड के ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में पारंपरिक रूप से उपयोग किए जाने वाले पौधे और फूल अत्यंत पौष्टिक तथा औषधीय गुणों से भरपूर हैं। उन्होंने कुपोषण को एक गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध इन प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से इस समस्या का प्रभावी समाधान किया जा सकता है। राज्यपाल ने पुस्तक की व्यापक उपयोगिता को देखते हुए इसके हिंदी अनुवाद का सुझाव दिया ताकि यह जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक सुलभ हो सके।

राज्यपाल ने यह भी साझा किया कि राँची स्थित लोक भवन परिसर में कई दुर्लभ और औषधीय पौधे मौजूद हैं। आगंतुकों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वहां प्रत्येक वृक्ष पर उसका नाम अंकित कराने की पहल शुरू की गई है। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी, राँची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा और कई अन्य शिक्षाविद उपस्थित रहे।









