रिपोर्ट - उमेश कांत गिरि,घाटशिला
घाटशिला, झारखंड – मऊभंडार के ताम्र प्रतिभा मैदान में गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर एक भव्य और विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर पूरे घाटशिला और आसपास के क्षेत्रों में भारी उत्साह और भक्तिमय माहौल देखा जा रहा है। आयोजन स्थल पर एक भव्य पंडाल और आकर्षक चालित मंच का निर्माण किया गया है, जहां सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ चैत्र पूर्णिमा के शुभ अवसर पर सुबह दस बजे दाहिगोड़ा हनुमान मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में सजी सैकड़ों महिलाओं ने हाथ में कलश लेकर मुख्य मार्ग से होते हुए ताम्र प्रतिभा मैदान तक की दूरी तय की। इस दौरान पूरा वातावरण जयकारों और धार्मिक आस्था के संचार से सराबोर नजर आया।

ताम्र प्रतिभा मैदान में विशेष रूप से दो विशाल हवन कुंड बनाए गए हैं, जहां पुजारी के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालु श्रद्धा भाव से आहुति दे रहे हैं। हवन के साथ-साथ वहां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित जनसमूह एक साथ बैठकर बजरंगबली की आराधना में लीन दिखा। इस सम्मेलन में केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि बौद्धिक सत्र भी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें समाज और राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा की जा रही है।
इस विराट सम्मेलन की गरिमा बढ़ाने के लिए विभिन्न मठ-मंदिरों के प्रमुख, संत-महात्मा और प्रख्यात धर्मगुरु उपस्थित रहे। सांस्कृतिक आकर्षण के रूप में रामायण प्रसंगों पर आधारित छौ नृत्य मंडली की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। आयोजन समिति ने स्पष्ट किया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज की एकजुटता, व्यक्तिगत चरित्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाना है।

दोपहर दो बजे से सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के विभिन्न प्रांतों से आए पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे रहे। इस अवसर पर आनंद अग्रवाल, हेमंत नारायण देव, मंटू सिंह, विजय सिंह, विकास सिंह, बसंत कुमार लाल, सुखेंद्र दास, शंकर कालिंदी, साहिल आनंद, सपन सीट, कृष्ण सोरेन, मानिक मोहंती, हर्ष राय, सिद्धार्थ और धर्मेंद्र गिरि उर्फ धनेश सहित भारी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











