रिपोर्ट - उमेश कांत गिरि
घाटशिला: प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी गंगा मेमोरियल अस्पताल, जमशेदपुर द्वारा घाटशिला में निःशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह एक दिवसीय कैंप आगामी रविवार, 22 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर जानकारी देते हुए दिवंगत डॉ. नागेंद्र सिंह की पत्नी रंजू सिंह और पुत्री डॉ. पूजा कश्यप ने बताया कि पोस्ट ऑफिस मेन रोड, श्याम मेडिकल के बगल में यह कैंप आयोजित किया जाएगा। इसमें ईसीजी, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और ब्लड ग्रुप जैसी जांच निःशुल्क की जाएगी, साथ ही आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया जाएगा।
कैंप में डॉ. पूजा कश्यप और उनके भाई डॉ. अभिषेक कुमार भी उपस्थित रहकर मरीजों की जांच करेंगे। इसके अलावा गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ. मंजुला श्रीवास्तव, सीना विशेषज्ञ डॉ. विनायक अग्रवाल, किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुजीत कुमार, जनरल फिजिशियन डॉ. राहुल कुमार, बर्न व प्लास्टिक सर्जन डॉ. ललित मिंज, डेंटल सर्जन डॉ. तापस बाला, जनरल सर्जन डॉ. नीलोफर, ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. नवीन कुमार लोधा, यूरोलॉजिस्ट डॉ. हरप्रीत सिंह, गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ. सुनीता और ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. एम. एम. सोरेन भी मरीजों की सेवा में मौजूद रहेंगे।
डॉ. पूजा कश्यप ने बताया कि इस मेडिकल चेकअप कैंप में ऑपरेशन के लिए उपयुक्त मरीजों का चयन भी किया जाएगा। बाद में इन मरीजों का उपचार और ऑपरेशन गंगा मेमोरियल अस्पताल, जमशेदपुर में बहुत ही रियायती दरों पर किया जाएगा। उन्होंने पूरे घाटशिला अनुमंडल वासियों से आकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराने का आग्रह किया।
इस प्रेस वार्ता के दौरान सुरेश सिंह चौहान, समाजसेवी सत्यनारायण जैन, सुनील जैन और सुमन कुमार झा भी उपस्थित रहे।











