रिपोर्ट - उमेश कांत गिरि,घाटशिला
घाटशिला। घाटशिला कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए एक उत्साहजनक खबर है। कॉलेज परिसर में अब छात्र-छात्राओं को सांस्कृतिक और खेलकूद की गतिविधियों के आयोजन के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। एचसीएल-आईसीसी के सहयोग से कॉलेज परिसर में एक भव्य सांस्कृतिक मंच और समतलीकरण का कार्य किया जाएगा, जिसके लिए संस्थान के कार्यपालक निदेशक श्याम सुंदर सेठी ने अपनी आधिकारिक स्वीकृति दे दी है।
कॉलेज परिसर का धरातल समतल न होने के कारण लंबे समय से विद्यार्थियों को विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में बाधाओं का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए प्राचार्य डॉ. आर.के. चौधरी ने एचसीएल-आईसीसी के कार्यपालक निदेशक श्याम सुंदर सेठी से उनके कार्यालय में मुलाकात की। प्राचार्य ने छात्र हित को सर्वोपरि रखते हुए कॉलेज परिसर के लगभग 10 हजार वर्ग फीट क्षेत्र का समतलीकरण कराने और वहां पेवर्स ब्लॉक लगवाने का लिखित प्रस्ताव सौंपा।

प्राचार्य के अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कार्यपालक निदेशक एस.एस. सेठी ने आश्वस्त किया कि इन विकास कार्यों को कंपनी के सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) मद से पूर्ण कराया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आश्वासन के बाद प्राचार्य ने अपने शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ मिलकर श्री सेठी को अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
डॉ. आर.के. चौधरी ने एचसीएल के निरंतर सहयोग की सराहना करते हुए बताया कि पिछले वर्ष भी कंपनी के सौजन्य से परिसर में जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और आधुनिक शौचालयों का निर्माण किया गया था। हाल ही में एक बायो टॉयलेट की सुविधा भी प्रदान की गई है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस मुलाकात के दौरान डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. संदीप चंद्र, प्रधान सहायक हीरालाल शीट और पीटीआई अर्जुन भुइयां मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस नई पहल से न केवल कॉलेज का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए एक बेहतर मंच भी उपलब्ध होगा।











