RANCHI: झारखंड में मार्शल आर्ट्स के खेल को एक नया और ऐतिहासिक आयाम मिलने जा रहा है। राज्य में पहली बार मिक्सड मार्शल आर्ट्स यानी MMA और मुए थाई प्रतियोगिता का आयोजन आईपीएल जैसी बड़ी लीग की तर्ज पर होने जा रहा है। आज 14 जून को स्ट्रेंथ एमएमए और मुए थाई फाइट क्लब में आयोजित एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की गई। आगामी 27 और 28 जून को होने वाली इस ऐतिहासिक चैंपियनशिप में 'रांची' और 'पलामू' की टीमें आमने-सामने होंगी।
झारखंड के उन तमाम मार्शल आर्ट्स खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन खबर है, जो अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़े मंच का इंतजार कर रहे थे। आगामी 27 और 28 जून को राज्य में एक बेहद रोमांचक चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। झारखंड एमएमए और मुए थाई एसोसिएशन के अध्यक्ष, मुख्य कोच और चयनकर्ता स्निग्ध गौरव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मेगा इवेंट की पूरी रूपरेखा साझा की है।
स्निग्ध गौरव ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य उन सभी खिलाड़ियों को मौका देना है, जो किसी न किसी कारणवश बड़े मंचों पर नहीं खेल पाते हैं। लीग फॉर्मेट पर होने वाली इस प्रतियोगिता में दो मजबूत टीमें—रांची और पलामू एक-दूसरे को टक्कर देंगी। इस चैंपियनशिप में अलग-अलग वेट कैटेगरी के कुल 64 खिलाड़ी अपना दम-खम दिखाएंगे। नियमों के मुताबिक, एक टीम में 16 मुख्य खिलाड़ी होंगे, जबकि 2 बैकअप खिलाड़ी शामिल किए जाएंगे।
आपको बता दें कि झारखंड में पहली बार इस तरह की किसी मार्शल आर्ट्स लीग का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले सितंबर 2024 में राज्य में पहली बार एमएमए राष्ट्रीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया था, जिसने झारखंड में इस खेल की लोकप्रियता को चार चांद लगा दिए थे।
प्रेस वार्ता के दौरान स्निग्ध गौरव ने एक और बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि अगले ही महीने एक और बड़ी राष्ट्रीय लीग प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। यह मुकाबला दो राज्यों के बीच होगा, जिसमें मेजबान झारखंड की भिड़ंत मजबूत महाराष्ट्र की टीम से होगी।
साफ है कि झारखंड के युवाओं के लिए अब मिक्सड मार्शल आर्ट्स में करियर बनाने के रास्ते तेजी से खुल रहे हैं। 27 और 28 जून को होने वाले इस रोमांचक मुकाबले में रांची बाजी मारेगी या पलामू का दबदबा रहेगा, इस पर पूरे राज्य की खेल प्रेमियों की नजरें टिकी होंगी।







