(मुकेश कुमार, संवाददाता, सिमडेगा)
सिमडेगा - सावन की तीसरी सोमवारी के मौके पर सिमडेगा में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ओडिशा के वेदव्यास त्रिवेणी संगम से पवित्र जल लेकर करीब 80 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए हजारों कांवरिए अहले सुबह सरना महादेव धाम पहुंचे। केसरिया वस्त्रों में सजे कांवरियों के जत्थे से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
कांवरियों ने सरना महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ को बेलपत्र, सफेद फूल और प्रसाद अर्पित कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। कांवरिए पूरे रास्ते शिव भजनों पर झूमते-नाचते हुए आगे बढ़े। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने कांवरियों का स्वागत भी किया। कांवर यात्रा के दौरान टुकूपानी में सुबह शिव आरती का आयोजन किया गया। आरती के बाद कांवरियों ने सरना महादेव धाम के लिए पैदल यात्रा शुरू की। इस दौरान टुकूपानी से सरना मंदिर तक का पूरा मार्ग कांवरियों से पट गया। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।
कांवर यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट रहा। एनएच-143 यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में कांवरियों ने शांतिपूर्ण ढंग से बाबा का जलाभिषेक किया।








