(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के पेटो पंचायत स्थित चट्टी पेटो में 15 अगस्त की देर रात जहरीले सांप के डंसने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजन कुमार के रूप में हुई है। वह स्टाफ होटल संचालक बिनोद साहू के छोटे भाई पप्पू साहू का पुत्र बताया जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, रात में सोने के दौरान राजन को जहरीले सांप ने डंस लिया। इसके बाद परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। आरोप है कि उस समय अस्पताल में चिकित्सक, नर्स अथवा कंपाउंडर मौजूद नहीं थे। प्राथमिक उपचार एवं एंटी-वेनम उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजनों को बच्चे को हजारीबाग सदर अस्पताल ले जाना पड़ा। हजारीबाग सदर अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने बच्चे की जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि यदि समय पर प्राथमिक उपचार और एंटी-वेनम की पहली खुराक मिल जाती तो बच्चे की जान बच सकती थी। घटना ने केरेडारी क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में यदि सरकारी अस्पताल में डॉक्टर और जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी तो दूरदराज के मरीजों को समय पर इलाज कैसे मिलेगा।








