(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - सावन की तीसरी सोमवारी पर भोले बाबा को जल अर्पित करने के लिए रविवार शाम बड़ी संख्या में कांवरिये चास से चिरका धाम के लिए रवाना हुए। लेकिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। चास-पुरुलिया हाईवे पर कांवरियों की भीड़ के बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आया। खासकर पिंडराजोरा थाना क्षेत्र से गुजरने वाले मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन बेरोकटोक जारी था। पूरे रास्ते में पुलिस बल की तैनाती या कांवरियों के लिए अलग लेन की व्यवस्था नजर नहीं आई, कभी-कभार पेट्रोलिंग वाहन दिखाई दिया।
गौरतलब है कि इसी हाईवे पर महज दो दिन पहले भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हुई थी। इसके बावजूद कांवरियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं होना प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।








