रांची। राज्य के बजट सत्र के समापन के दौरान डुमरी के विधायक जयराम कुमार महतो ने सदन में स्थानीयता, भू-संरक्षण, जाति सूचीबद्धता और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने बढ़ती अफसरशाही और प्रशासनिक मनमानी के खिलाफ भी सख्त आवाज उठाई।
इस क्रम में विधायक जयराम कुमार महतो ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे को पत्र लिखकर धनबाद में चल रही मनरेगा संविदा नियुक्ति प्रक्रिया में हो रही अनियमितताओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। अपने पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि स्वीकृत अभ्यर्थियों के साथ भेदभाव करते हुए दक्षता परीक्षा में समान अवसर प्रदान नहीं किया गया, जो न्यायसंगत चयन प्रक्रिया के खिलाफ है।

मौके पर उपस्थित उनके संगठन के वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि अभ्यर्थियों द्वारा पूर्व में दर्ज की गई आधिकारिक आपत्तियों को कई बार उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। इसके अलावा, विभागीय कार्यालय द्वारा जारी सकारात्मक विशेष सुझाव-पत्र भी उपायुक्त, धनबाद को भेजा गया था। इसके बावजूद अनदेखी करते हुए मनमाने तरीके से नियुक्ति परीक्षा आयोजित करा ली गई।
देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि इस पूरे प्रकरण से छात्रों और अभिभावकों में गहरी नाराजगी है और वे निष्पक्ष जांच तथा न्यायसंगत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पत्र प्राप्त होने के बाद विभागीय मंत्री ने अफसरशाही के खिलाफ अपनी रोष व्यक्त किया।











