रांची, 12 फरवरी 2026: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को निर्वाचन सदन से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
के. रवि कुमार ने कहा कि विभिन्न राज्यों में मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण जारी है और इस प्रक्रिया के तहत अन्य राज्यों से झारखंड के मतदाताओं के सत्यापन के दस्तावेज भेजे जा रहे हैं। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों से दस्तावेजों का त्वरित निरीक्षण कर समय पर संबंधित राज्यों को प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि गहन पुनरीक्षण से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं, ताकि प्रक्रिया में किसी भी तरह की बाधा न आए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मतदाता सूची में पैतृक मैपिंग के साथ-साथ अब्सेंट, शिफ्टेड, डिलीट और डुप्लीकेट मतदाता की सघन जांच की जाए।
के. रवि कुमार ने बीएलओ से कहा कि मतदाता पहचान पत्र में तस्वीर साफ और रंगीन हो, इसके लिए बीएलओ ऐप के माध्यम से फोटो खींचकर अपलोड किया जाए। इसके साथ ही ECINET के “बुक ए कॉल विथ बीएलओ” फीचर के जरिए मतदाताओं की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए और ऐप में आए कॉल रिक्वेस्ट पर तुरंत संपर्क किया जाए।
इस अवसर पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित थे।











