बोकारो जिले के गोमिया अंचल कार्यालय के बाहर एक महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप में धरने पर बैठ गई। महिला, जिसकी पहचान रेखा देवी के रूप में हुई है, अपने साथ हुए कथित जमीन विवाद को लेकर न्याय की गुहार लगा रही है।
रेखा देवी का आरोप है कि उनके गोतिया ने उनके हिस्से की जमीन की अवैध रूप से रजिस्ट्री कर दी। इसके बदले में उनके पति रमेश प्रसाद को करीब 60 लाख रुपये के तीन चेक दिए गए, लेकिन जब इन चेकों को बैंक में जमा किया गया तो एक भी चेक से भुगतान नहीं हो सका। ऐसे में अब महिला का कहना है कि उन्हें पैसों की नहीं, बल्कि अपनी जमीन वापस चाहिए।
धरने पर बैठी रेखा देवी ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि उन्हें न्याय दिलाया जाए और उनकी जमीन वापस कराई जाए। इस मामले में गोमिया के अंचल अधिकारी आफताब आलम ने भी माना कि महिला के साथ जमीन विवाद में अन्याय हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित को न्याय दिलाया जाएगा।
वहीं इस विवाद में दूसरे पक्ष के विनोद कुमार का कहना है कि उन्होंने यह जमीन रमेश प्रसाद के गोतिया से खरीदी है। पैसों के लेन-देन को लेकर उन्होंने कहा कि भुगतान गोतिया के माध्यम से किया गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि उनके साथ किसी तरह का अन्याय होता है, तो वे भी आने वाले दिनों में धरना देने के लिए मजबूर होंगे।
फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।









