रिपोर्ट - बिजय सिंह
बोकारो जिले के बालीडीह ओपी क्षेत्र स्थित गोडाबाली पहाड़ी पर हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुख्यात अपराधी प्रिंस गुप्ता उर्फ भाटिया के पैर में गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में अमन साहू और प्रिंस खान गिरोह द्वारा व्यवसायियों से रंगदारी मांगने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी सिलसिले में गिरफ्तार प्रिंस गुप्ता की निशानदेही पर पुलिस टीम हथियार बरामद करने गोडाबाली पहाड़ी पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि एक पिस्टल पुलिस को सौंपने के बाद, दूसरे हथियार निकालने के दौरान प्रिंस गुप्ता ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस हमले में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, जबकि एक गोली पुलिस वाहन में जा लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें प्रिंस गुप्ता घायल हो गया।
मौके पर पहुंचे हरविंदर सिंह ने बताया कि जिले में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंस गुप्ता अपने साथियों के साथ मिलकर अमन साहू और प्रिंस खान गिरोह को व्यवसायियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराता था, जिसके बाद उन्हें धमकाकर रंगदारी वसूली जाती थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।











