(कजीरूल शेख, संवाददाता, पाकुड़)
पाकुड़ - ईद की खुशियों के साथ घर लौटने की तैयारी कर रहा एक युवक रास्ते में ही मौत का शिकार हो गया। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के कोयला परिवहन पथ पर रीता चढ़ाई स्थित केपीएस ट्रांसपोर्ट के समीप बीती रात मामूली विवाद में 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचा न देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के महापुर गांव निवासी लालबाबू अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी अजमल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि लालबाबू अंसारी केपीएस ट्रांसपोर्ट में इलेक्ट्रिशियन का काम करने के लिए एक सप्ताह के लिए आया था और वह रविवार को अपने घर लौटने वाला था। इसी दौरान वहां मौजूद ट्रांसपोर्ट का हेल्पर अजमल अंसारी (निवासी चांडिल, कुंडा, देवघर) से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों के बीच हुए विवाद को शांत करा दिया था। लेकिन कुछ देर बाद अजमल ने पीछे से लालबाबू की पीठ पर धारदार चाकू से वार कर दिया। आसपास के लोगों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।











