हजारीबाग - हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत करसो पुल के पास अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृत युवक की पहचान शहर के ओकनी निवासी विक्की सोनी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विक्की सोनी अपने एक मित्र के साथ केदारनाथ तीर्थ यात्रा के लिए निकले थे।
घटना के संबंध में मृतक के मित्र ने बताया कि वह उसे कार से कोडरमा रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान करसो पुल के पास उनकी कार पंचर हो गई। कार रुकने के कुछ देर बाद टायर बदलने के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और विक्की सोनी के गर्दन में गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी।








