रांची – बेड़ो थाना क्षेत्र अंतर्गत घाघरा गांव में एक युवक की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुरेंद्र मुंडा के पुत्र रविंद्र मुंडा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रविंद्र मंगलवार रात अपने बचपन के दोस्त विकास मुंडा, पिता- स्व. लेटे मुंडा के साथ घर से निकला था। बुधवार सुबह गांव के मधेपुरा अखड़ा के समीप उसका लहूलुहान शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने शव देख तत्काल परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।







