रांची - राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरौंदी में सोमवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। बताया गया कि पाइपलाइन बिछाने के काम में लगे एक युवक की जान चली गई। मृतक युवक की पहचान 23 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है। जो बनहरा गांव का निवासी था और जगदेव महतो का पुत्र था।
घटना चिरौंदी पेट्रोल पंप के समीप की है, जहां नागार्जुन कंपनी द्वारा पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा था। सोमवार रात जब रोहित गहरे गड्ढे में उतरकर काम कर रहा था, तभी अचानक ऊपर से भारी मात्रा में मिट्टी धंस गई। जिसके बाद उसके साथियों ने आनन-फानन में कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और तुरंत मेदांता अस्पताल ले गए। लेकिन अस्पताल पहुंचने के पहले ही उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी रोष है।
इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए वरीय आजसू नेता बसंत कुमार महतो ने कहा कि यह पूरी तरह से कंपनी की लापरवाही का नतीजा है। बिना किसी सुरक्षा उपकरण के रोहित को गहरे गड्ढे में उतार दिया गया था।









