साहेबगंज - साहिबगंज में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां साइबर अपराधियों ने एक युवक को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। नगर थाना क्षेत्र के तालबन्ना निवासी पीड़ित विनय कुमार केसरी से करीब 22 लाख रुपये की ठगी की गई है।
विनय कुमार केसरी ने बताया कि कुछ समय पूर्व उसकी पहचान पटना और लखनऊ की रहने वाली दिव्या मेहता नामक महिला से हुई थी। महिला ने खुद को एक ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी “HIJ COIN” से जुड़ा बताते हुए उसे निवेश करने के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में उसे मुनाफे का लालच दिया गया और भरोसा जीतने के लिए छोटे-छोटे रिटर्न भी दिखाए गए। धीरे-धीरे महिला ने युवक को बड़ी रकम निवेश करने के लिए उकसाया। लालच और भरोसे में आकर विनय कुमार ने अलग-अलग किश्तों में लगभग 22 लाख रुपये उक्त कंपनी में लगा दिए। कुछ समय तक सब कुछ सामान्य दिखता रहा, लेकिन जब युवक ने अपनी जमा राशि निकालने की कोशिश की, तो उसे टालमटोल किया जाने लगा। बाद में महिला का संपर्क पूरी तरह से टूट गया।
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत लेकर पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार कुशवाहा से मुलाकात की और लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।









