चक्रधरपुर - पश्चिमी सिंहभूम जिले के हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर सोनुवा रेलवे स्टेशन आउटर के समीप पड़सा पुलिया के पास ट्रेन से कटकर एक युवक और एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर दोनों के शव पड़े देखा। जिसके बाद इसकी सूचना स्टेशन प्रबंधक को दी गई। सूचना मिलते ही सोनुवा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर मृत युवक और युवती की पहचान करने में जुटी है। साथ ही मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।









