(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - सिटी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पति और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सिटी थाना क्षेत्र के लकड़ी गोला के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार एक परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सेक्टर-3 निवासी पुष्पा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके पति राजेश और दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि परिवार बाराडीह स्थित ससुराल से वापस सेक्टर-3 लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतका के जीजा मदन कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए प्रशासन से दोषी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।











