(निशिकांत मिस्त्री, संवाददाता, जामताड़ा)
जामताड़ा - एक ओर जहां दुनिया चांद और मंगल पर पानी की तलाश में जुटी है, वहीं जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत चंपापुर गांव के बेड़वा टोला के ग्रामीण आज भी पीने के पानी के लिए जूझ रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को अपनी प्यास बुझाने के लिए खेतों के बीच बने डोभा का दूषित पानी इस्तेमाल करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि टोला में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की ओर से दो चापाकल लगाए गए थे। लेकिन वर्तमान में एक चापाकल खराब पड़ा हुआ है। वहीं दूसरा चापाकल मस्जिद के समीप स्थित होने के कारण टोला के सभी लोगों के लिए सहज रूप से उपयोग करना संभव नहीं हो पाता है। इसके चलते ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की किल्लत से परेशान लोग रोजाना टोला के बाहर स्थित डोभा से गंदा और दूषित पानी उपयोग में लाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पानी को किसी तरह छानकर पीने और भोजन बनाने में इस्तेमाल करना उनकी मजबूरी बन गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार समस्या की जानकारी संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को दी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। गर्मी बढ़ने के साथ ही पेयजल संकट और गहरा गया है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी भी बढ़ रही है।








