हजारीबाग - हजारीबाग का चर्चित विक्की सोनी हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। बरही पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
बताया गया कि 8 जून 2026 को हजारीबाग के ओकनी निवासी युवा व्यवसायी विक्की कुमार सोनी अपने एक दोस्त के साथ कोडरमा जा रहे थे। इसी दौरान बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के समीप अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर हत्या में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवादा निवासी विक्रम कुमार और गया निवासी दिलीप कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के द्वारा की गई पूछताछ के क्रम में दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी पूर्व से चोरी, लूट, ड्रग्स तस्करी और आर्म्स एक्ट जैसे कई मामलों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।








