(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
रांची - अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर संसद परिसर में किए गए कथित प्रदर्शन का विरोध अब सड़कों पर भी शुरू हो गया है। रांची में विश्व हिंदू परिषद ने पूर्णिया सांसद पप्पू यादव का पुतला फूंककर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी सनातन आस्था का अपमान करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की गई।
राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव का पुतला दहन किया और चप्पलों से भी पुतले पर प्रहार कर विरोध जताया। विहिप नेताओं का आरोप है कि संसद परिसर में पुजारी का वेश धारण कर किया गया प्रदर्शन करोड़ों हिंदुओं की आस्था का अपमान है। संगठन ने कहा कि राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में हुआ यह घटनाक्रम सनातन विरोधी मानसिकता को दर्शाता है और हिंदू समाज इसका पुरजोर विरोध करेगा।








