धनबाद - धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बताया गया कि दो मजदूर एक महीने से बंद पड़े नए सेप्टिक टैंक की सेंटरिंग खोलने और सफाई के लिए अंदर उतरे थे। टैंक में पहले एक मजदूर उतरा था, उसके बेहोश होने के बाद दूसरा मजदूर उसे बचाने के लिए टैंक में उतरा। लेकिन दोनों टैंक के भीतर जहरीली गैस के कारण बेहोश हो गए। जिसके बाद आनन फानन में दोनों मजदूरों को बाहर निकाला गया और बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान सदरयाडीह निवासी दिलीप महतो और महुदा थाना क्षेत्र के राजेश महतो के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टैंक में जहरीली गैस के कारण यह हादसा हुआ है। फिलहाल मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।








