(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - गोमिया थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेरमो (तेनुघाट) बी. एन. सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 16 अप्रैल को हजारीबाग जिले के पिपचो निवासी मो. तबारक अंसारी ने अपने चाचा मोईउद्दीन अंसारी की हत्या को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में गोमिया थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में 24 वर्षीय अर्जुन कुमार तिवारी उर्फ बाबा और 42 वर्षीय धनराज श्रीवास्तव शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि दुकान के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद था। इसी विवाद में धनराज श्रीवास्तव ने 25 हजार रुपये देकर अर्जुन तिवारी से हत्या करवाई। अर्जुन तिवारी ने लकड़ी के फट्टे से वार कर मोईउद्दीन अंसारी की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट कार और घटनास्थल से खून लगा लकड़ी का फट्टा बरामद किया है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।










