रांची - जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची, मंजूनाथ भजन्त्री के कड़े निर्देश पर राजधानी रांची के पंडरा इलाके में अवैध रूप से गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड करने वाले तीन लोगों को मौके पर पकड़ा गया। बिना उचित पंजीकरण के अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन गैर-कानूनी है।
दरअसल जिला प्रशासन को गुप्त सूचना मिलने के बाद रांची उपायुक्त के निर्देश पर असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, राँची, डॉ. प्रभात कुमार के द्वारा मौके पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान तीन व्यक्तियों को पोर्टेबल USG मशीन के साथ गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में सुरंजन कुमार पिता - पुत्र युधेश्वर प्रसाद, आकाश कुमार पिता - पुत्र रंभू साहू और शीला कुमारी - पुत्री महेन्द्र महतो के नाम शामिल हैं। गौरतलब हो कि बिना उचित पंजीकरण के अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन गैर-कानूनी है।
इस संबंध में असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, रांची ने कहा कि राज्य में किसी भी प्रकार के लिंग निर्धारण या अवैध अल्ट्रासाउंड प्रैक्टिस को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








