(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - नए साल के जश्न के बीच हजारीबाग एक खौफनाक वारदात का गवाह बना। जब 1 जनवरी 2026 की रात लोहसिंघना थाना क्षेत्र के इन्द्रपुरी चौक पर मामूली डीजे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कोलघटी में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में अपराधियों ने साजिश रचते हुए युवक सूरज कुमार राणा की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि कुलदीप सोनी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 10 बजे तलवार, डंडा और अन्य हरवे-हथियार से लैस आरोपियों ने इन्द्रपुरी चौक के पास सूरज राणा को घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सड़क पर लहूलुहान पड़े सूरज राणा की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं कुलदीप सोनी जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
घटना के बाद मृतक की पत्नी काजल कुमारी (निवासी– मंडईखुर्द) के लिखित आवेदन पर लोहसिंघना थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए एसडीपीओ अमित आनंद (भा.पु.से.) के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने दिल्ली, नोएडा, भिलाई, रांची, रामगढ़, चतरा और बड़कागांव में लगातार छापेमारी करते हुए 10 जनवरी को नोएडा सेक्टर-126 से राहुल कुमार, रौशन कुमार और दीपक कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर बाद में सोनू कुमार, राहुल उर्फ लोलो, अमन उर्फ रोहन और मुकेश कुमार को बड़कागांव के पिपराडीह गांव से दबोचा गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं।









