धनबाद - राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह और राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर झारखंड की सबसे बड़ी मानव श्रृंखला धनबाद के रणधीर वर्मा चौक से गोल बिल्डिंग तक बनायी गयी। जिसमें 12 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने लोगों को सड़क सुरक्षा और मतदाता जागरूकता की शपथ दिलायी। वहीं मौके पर उपायुक्त और एसएसपी प्रभात कुमार ने लोगों से सड़क पर चलने के नियमों का पालन और एक जागरूक वोटर बनने की अपील की। साथ ही जिले में अच्छा काम करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया।
इस संबंध में उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि दुर्घटनाओं के रोक थाम और मतदान में लोगों की सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रशासन कदम उठा रहा है। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने लोगों से कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें।









