हजारीबाग – हजारीबाग में नए साल की खुशियां मातम में बदल गईं। जश्न के बीच उपजा एक मामूली सा विवाद देखते-देखते खून-खराबे में तब्दील हो गया। घटना हजारीबाग के मंडई क्षेत्र से शुरू होकर नूरा और फिर इंद्रपुरी चौक तक जा पहुंचा।
दरअसल नए साल के जश्न के दौरान पिकनिक से लौट रहे युवकों के बीच डीजे में गाना बजाने को लेकर कहासुनी हुई। जो दो गुटों की हिंसक झड़प में बदल गई। नशे की हालत में हुई मारपीट में छोटू राणा गंभीर रूप से घायल हो गया, सिर फटने के बाद उसे सदर अस्पताल लाया गया। बताया जाता है कि इलाज के बाद जब सूरज राणा और छोटू राणा लौट रहे थे, तभी घात लगाए हमलावरों ने उनकी बलेनो कार पर हमला कर दिया। जैसे ही सूरज राणा गाड़ी से बाहर निकले, पीछे से उनपर तलवार से वार कर दिया गया। खून से लथपथ सूरज को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूरज राणा अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। वहीं हमले में दोबारा बुरी तरह पीटे गए छोटू राणा की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है। इस मामले में मृतक के भाई धीरज राणा ने मंडई के राहुल गोप और सोनू गुप्ता समेत अन्य युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है।









