(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव का असर अब भारत में भी देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय हालात का प्रभाव गैस आपूर्ति पर पड़ने की आशंका से आम लोगों में चिंता बढ़ गई है। गैस की कीमतों में बढ़ोतरी और समय पर सिलेंडर नहीं मिलने की खबरों से लोगों में पैनिक का माहौल बन गया है।
बोकारो जिले के चास स्थित एचपी गैस एजेंसी में भी इसका असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। यहां सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी हुई है। लोग सुबह-सुबह ही गैस एजेंसी पहुंचकर लाइन में लग जा रहे हैं ताकि समय पर उन्हें गैस सिलेंडर मिल सके। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस आपूर्ति में देरी और भविष्य में सिलेंडर की कमी की आशंका के कारण वे पहले से ही सिलेंडर लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
हालांकि गैस एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है और गैस की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। फिर भी अफवाहों और आशंकाओं के कारण लोग बड़ी संख्या में एजेंसी पहुंच रहे हैं।











