रांची - रांची शहर के विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शहर की मूलभूत समस्याओं, नागरिक सुविधाओं और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की साथ ही शहर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने तथा आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाने को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि रांची को एक आदर्श एवं नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित शहर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। वार्ड पार्षद शहर के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की अपील करते हुए कहा कि महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक सहभागिता बेहद जरूरी है। मौके पर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर उपायुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए सभी पार्षदों को बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर लोगों को जागरूक करने और अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में वार्ड पार्षद मोहम्मद सलाउद्दीन के साथ शबाना खान, बबली सोनी, गजाला परवीन, बटर सिंह देओल, प्रदीप कुमार, सुनील यादव, मोहम्मद एहतेशाम, मोहम्मद असलम सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।









