(राजेश कुमार मुंडा, संवाददाता, रामगढ़)
रामगढ़ - रामगढ़ में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर रामगढ़ जिला प्रशासन ने जिला स्तरीय बैडमिंटन एवं तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में जिले भर से करीब 250 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त ऋतुराज ने किया। इस दौरान उन्होंने जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
गौरतलब हो कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के मौके पर आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन एवं तैराकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक था। जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए करीब 250 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उपायुक्त ऋतुराज ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक दो माह में इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के लिए ओपन प्लेटफॉर्म की व्यवस्था रहेगी, जिससे जिले का कोई भी खिलाड़ी पंजीकरण कर भाग ले सकेगा। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। साथ ही वर्ष के अंत में जिले में एक मेगा स्पोर्ट्स टूर्नामेंट आयोजित करने की तैयारी चल रही है, जिसमें विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।








